आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल बेशक विदेशी दौरे पर हैं। लेकिन पार्टी की मानें तो इस बीच रोजाना करीब दो लाख दिल्लीवासियों तक उनका चुनावी भाषण पहुंच रहा है। इसका जरिया 280 प्रोजेक्टर बने हैं।
जिनके सहारे राजधानी की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में प्रतिदिन ग्यारह सौ से ज्यादा नुक्कड़ सभाएं की जा रही हैं। पार्टी का दावा है कि प्रोजेक्टर से प्रचार अभियान की अभी शुरुआत हुई है। प्रचार जोर पकड़ने पर इसका विस्तार किया जाएगा।
पार्टी के मुताबिक, दिल्ली के हर वार्ड में एक प्रोजेक्टर दिया गया है। एक प्रोजेक्टर पर रोजाना चार शो होते हैं। हर बार जगह नई होती है। एक घंटे के कार्यक्रम में सबसे पहले करीब तीस मिनट का अरविंद केजरीवाल का भाषण होता है।
इसके बाद 49 दिन के सरकार की उपलब्धियां का ब्योरा देने वाली करीब दस मिनट की फिल्म दिखाई जाती है। फिर दस मिनट तक सरकार छोड़ने के पीछे की मजबूरी बताई जाती है। आखिर में सोशल नेटविर्कंग वेबसाइट पर नायक नाम से चल रही एक डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाती है।
वरिष्ठ नेता दिलीप पांडेय की मानें तो पिछले दिनों प्रोजेक्ट से प्रचार अभियान शुरू हुआ है। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की एक टीम लगाई गई है। इसे चलाने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया है। जगह तय करने के साथ नुक्कड़ सभा चलाने की पूरी जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं पर ही होती है। हर नुक्कड़ सभा में करीब दो सौ लोग मौजूद रहते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की कोशिश कम खर्च में ज्यादा से ज्यादा लोगों तक अपनी बात पहुंचानी है।