दिल्ली के उत्तरी निगम के बाड़ा हिंदूराव और कस्तूरबा अस्पताल में वेतन न मिलने के विरोध में स्वास्थ्यकर्मियों ने सोमवार को लगातार आठवें दिन भी हड़ताल जारी रखी। इस वजह से अस्पताल की चिकित्सीय सेवाएं ठप रहीं।
हिंदूराव अस्पताल की रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अभिमन्यु सरधना ने कहा कि वेतन न मिलने तक उन्हें अपना काम रोकना पड़ेगा। डॉक्टरों की इस हड़ताल में नर्सों के अलावा अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वेतन संबंधी इस मांग में अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों को भी उनका समर्थन करना चाहिए।
फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (फोर्डा) के अध्यक्ष डॉक्टर शिवाजी ने कहा की इस समय हिंदूराव को कोविड अस्पताल की सूची से भी हटा लिया गया है, लेकिन डॉक्टरों के हड़ताल पर होने के कारण वहां अन्य सेवाएं शुरू करने में भी परेशानी हो रही है।
फोर्डा ने इस मामले में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन को पत्र लिखकर मदद की गुहार लगाई है। फोर्डा की अपील है कि नगर निगम को केंद्र सरकार अपने अधीन करें, जिससे इस समस्या का समाधान हो सके।
उधर, नगर निगम चिकित्सक संघ का कहना है कि वेतन संबंधी मांग को पूरा करने के लिए उतरी निगम के महापौर ने उन्हें एक सप्ताह का समय अगर इस दौरान मांग पूरी नहीं होती तो संघ अपने हड़ताल वाले फैसले पर पुनर्विचार करेगा।