हिंडन कैनाल रोड पर सड़क निर्माण में तेजी लाने के लिए बुधवार से ट्रैफिक पूरी तरह से बंद कर दिया गया। इसके बाद इंदिरापुरम और नोएडा जाने वाले वाहन चालक वसुंधरा नहर रोड का इस्तेमाल कर रहे हैं।
हिंडन कैनाल रोड को सड़क निर्माण के लिए वन-वे किया गया था, लेकिन इसके बाद भी काम में परेशानी आ रही थी। इसको देखते हुए कैनाल रोड पूरी तरह से बंद कर दी गई है।
लोग बैरिकेडिंग हटाकर एंट्री नहीं लें, इसके लिए कुछ दूरी पर सड़क की खुदाई की गई है। हिंडन कैनाल रोड बंद होने के बाद इंदिरापुरम और नोएडा जाने वाले ट्रैफिक को वसुंधरा नहर रोड पर डायवर्ट किया गया।
वाहन चालक वसुंधरा सेक्टर-एक होते हुए ऑलिव काउंटी के सामने से कनावनी पुलिया पहुंचेंगे। इसी तरह इंदिरापुरम और नोएडा से आने वाले वाहन चालक कनावनी रेड लाइट से यू-टर्न लेने के बजाए वसुंधरा कैनाल रोड के जरिए हिंडन बैराज पहुंचेंगे।
वसुंधरा नहर रोड दो लेन की होने की वजह से पीकऑवर्स में वाहनों का दबाव अधिक रहने से ट्रैफिक की स्पीड स्लो रही। आने वाले दिनों में दिवाली से पहले ट्रैफिक का दबाव ज्यादा होता तो जाम की समस्या बनेगी।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि जब तक सड़क निर्माण का काम चलेगा तब तक हिंडन कैनाल रोड बंद रहेगी।
चलती रहेगी बैराज रोड, बनेंगे एलीवेटेड पिलर
यूपी गेट से हिंडन तक निर्माणाधीन एलीवेटेड रोड का काम जीटी रोड की तरफ से भी शुरू हो गया है। वर्तमान हिंडन बैराज रोड के बीचोंबीच एलीवेटेड रोड के पिलर बनाए जाएंगे।
जीडीए इसके लिए दोनों ओर एक-एक लेन की सर्विस रोड का रास्ता रखेगा। इससे वसुंधरा, नोएडा, इंदिरापुरम आने-जाने वालों को परेशानी नहीं होगी।
हिंडन किनारे गेल की गैस पाइपलाइन को बचाने और हिंडन बैराज के पास अंडरपास चौड़ीकरण के मद्देनजर जीडीए ने एलीवेटेड रोड का एलाइनमेंट बदल दिया है।
अब इस रोड के पिलर वर्तमान तीन लेन की बैराज रोड के इंदिरा प्रियदर्शनी पार्क की ओर दो लेन की जगह पर बनेंगे।
ऐसे में जीडीए अधिकारियों ने इंदिरापुरम की ओर से आने वाले ट्रैफिक के लिए रेलवे लाइन से जीटी रोड तक 4.5 करोड़ की लागत से दो लेन की सड़क बनाने का फैसला लिया है।
जीडीए वीसी विजय कुमार यादव ने बताया कि बैराज रोड को पूरी तरह से बंद नहीं किया जाएगा। सुचारु ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विकल्प देने के बाद ही पिलर बनेंगे।
4 साइकिल ट्रैक कैंसल
साइकिल ट्रैक की राह में आ रहे पेड़ों को बचाने के लिए जीडीए ने शहर में करीब 9.5 किलोमीटर लंबे साइकिल ट्रैक निर्माण के प्रोजेक्ट को कैंसल कर दिया है।
जीडीए वीसीने प्रोजेक्ट कैंसल कर अभियंताओं को ट्रैक के लिए नए रूट चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं।
जीडीए ने हापुड़ चुंगी को केंद्र बनाकर 6.5 करोड़ से कुल 17.6 किलोमीटर के चार साइकिल ट्रैक बनाने के प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया था।