सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) की यातायात ड्यूटी में शनिवार की सुबह एमजी रोड स्थित एम3एम बिल्डिंग के पास तैनात दो पुलिसकर्मियों को तेज रफ्तार किआ सेल्टोस कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार दोनों पुलिसकर्मी काफी दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक अपनी कार लेकर मौके से भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही यातायात जोनल अधिकारी अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और घायल सिपाही रोहित व हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के तहत तैनात कर्मी कौशल को अस्पताल पहुंचाया। इस हादसे में रोहित की पसलियां टूट गईं और कौशल को सिर व पैर में गंभीर चोटें आई हैं। दोनों घायलों का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से कार चालक की पहचान शुरू कर दी है।
यातायात पुलिसकर्मी रोहित और एचकेआरएन के तहत लगे कौशल सीईटी परीक्षा केंद्र के पास यातायात व्यवस्था को संभाल रहे थे। इसी दौरान वहां पर एक गाड़ी का टायर पंक्चर होने से सड़क पर जाम लग गया था। दोनों जवान इफको चौक से एमजी रोड की ओर उस गाड़ी को हटवाने के लिए आए थे। इसी दौरान एम3एम बिल्डिंग के सामने तेज रफ्तार लाल रंग की किआ सेल्टोस कार ने दोनों पुलिसकर्मियों की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर डीएलएफ फेज-2 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
सड़क दुर्घटना में दोनों कर्मियों के घायल होने की सूचना मिलने पर पुलिस उपायुक्त (यातायात) डॉ. राजेश मोहन निजी अस्पताल पहुंचे और दोनों घायलों की हालत के बारे में पता किया। उन्होंने डाक्टरो से भी दोनों कर्मियों के स्वास्थ्य की स्थिती बारे जानकारी ली। पुलिस उपायुक्त ने दोनों पुलिसकर्मियों को सीईटी परीक्षा के दौरान अपनी ड्यूटी समर्पित भाव से करने के लिए हौसला अफजाई भी की।