हौजकाजी के लालकुंआ में आज होने वाले धार्मिक आयोजन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। यहां नई मूर्तियां स्थापित किए जाने का कार्यक्रम है। मूर्ति की स्थापना के लिए यहां के 35 परिवारों ने खुद ही पैसे का इंतजाम किया है।
साथ ही साथ मंगलवार को कई इलाकों में धार्मिक यात्रा निकाली जाएगी। धार्मिक यात्रा को देखते हुए पुलिस ने पूरे रूट पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक माहौल न बिगड़े इसके लिए पुलिसकर्मियों को इलाके की इमारतों की छतों पर तैनात किया जाएगा।
गौरतलब है कि लालकुंआ में पिछले दिनों मामूली पार्किंग विवाद के बाद तनाव हो गया था। पुलिस को खुफिया जानकारी मिली है कि कुछ शरारती तत्व माहौल बिगाड़ने की की कोशिश कर सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार के आयोजन को देखते हुए पुलिस ने सोमवार रात से ही इलाके में सुरक्षा को पुख्ता करने में लगी है। ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जा रही है।
साथ ही पूरे कार्यक्रम के दौरान करीब चार किलोमीटर के दायरे में ड्रोन कैमरे से निगरानी रखी जाएगी। पुलिस ने दो सौ रुफ टॉप बनाए हैं। जिस पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम को देखते हुए तीन सौ सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं जिससे कार्यक्रम के दौरान पूरे चप्पे चप्पे पर नजर रखी जाएगी। किसी भी संदिग्ध की जानकारी मिलने पर उस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि शोभा यात्रा अजमेरी बाजार, चावड़ी बाजार, लालकुंआ व अन्य इलाकों से गुजरेगी।
शोभायात्रा को देखते हुए पुलिस ने सोमवार रात से ही इस इलाके में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दिया है। कई मार्गों पर रूट डायवर्ट कर दिया गया है। इलाके में तनाव के बाद से ही अर्द्धसैनिक बल की सात कंपनी तैनात है।