हाईकोर्ट ने क्रिकेट विश्व कप 2019 का प्रसारण करने से 60 वेबसाइटों और कुछ रेडियो स्टेशनों को रोक दिया है। कोर्ट ने यह रोक चैनल-2 ग्रुप कॉरपोरेशन की याचिका सुनवाई करते हुए लगाई है। याचिका में दावा किया गया है कि 30 मई से 14 जुलाई तक हो रहे विश्व कप के ऑडियो कवरेज के अधिकार उसके पास हैं।
न्यायमूर्ति जेआर मिढ़ा की पीठ ने इन 60 वेबसाइटों और रेडियो चैनलों, इंटरनेट और दूरसंचार सेवा प्रदाताओं तथा केंद्र को नोटिस जारी किया है। इन सभी को 4 सितंबर तक जवाब दाखिल करने हैं। हाईकोर्ट ने कुछ दिन पहले अंतरिम आदेश में गूगल जैसे सर्च इंजनों, एयरटेल और वोडाफोन जैसे इंटरनेट, दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को नियमों का उल्लंघन करने वाली उन वेबसाइटों के लिंक हटाने या बंद करने का निर्देश दिया था, जहां क्रिकेट विश्व कप का ऑडियो कवरेज अनधिकृत रूप से उपलब्ध है।
अदालत का कहना था कि तथ्यों और परिस्थितियों को देखते हुए याचिकाकर्ता के हित में एकपक्षीय आदेश जारी करना जरूरी है। याचिकाकर्ता ने विश्व कप 2019 के आयोजक आईसीसी बिजनेस कॉरपोरेशन के साथ ऑडियो अधिकार समझौता किया था।