अलीगढ़ में दो साल की मासूम की वहशियाना हत्या के खिलाफ लोगों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बच्ची की हत्या के दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा देने की मांग की। इस घटना के विरोध में राष्ट्रीय कुम्हार महासभा के बैनर तले भूख हड़ताल भी की गई।
महासभा की महिला प्रदेशाध्यक्ष आरती प्रजापति ने प्रदर्शन की अगुवाई करते हुए बच्ची के दोषियों को फांसी दिलाने के लिए जमकर नारेबाजी की। उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वाले दरिंदों को फांसी से कम कोई सजा नहीं देनी चाहिए। जब दरिंदे दुष्कर्म और हत्याओं की वारदात अंजाम दे रहे हैं तो महिलाएं खुद को सुरक्षित कैसे महसूस कर सकती हैं। कामिनी झा का कहना था कि दिल्ली में निर्भया, कठुआ में मासूम बच्ची, उन्नाव, मेरठ और बरेली समेत अन्य क्षेत्रों में मासूम बच्चियों से दुष्कर्म जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सरकार को कानून सख्ती से लागू करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की कि वह इस घटना के आरोपियों को जल्द फांसी की सजा दिलवाएं।
अलीगढ़ दुष्कर्म मामले में जंतर-मंतर पर ग्रेटर दिल्ली ट्रेड एसोसिएशन ने भी प्रदर्शन किया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मासूम से दरिंदगी करने वालों को सख्त सजा देने की मांग की। प्रदर्शनकारी बीआर शर्मा ने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कानून तो बन चुके हैं, लेकिन अब तक उनको ठीक ढंग से लागू नहीं किया गया है। उन्होंने इस संबंध में राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों को कठोर दंड देने की मांग की।