नवरात्र आज से शुरू हो गए हैं। लिहाजा, नवरात्र से दिवाली तक कारों की खरीद का भी शुभ मुहूर्त बन गया है। एनजीटी के 2000 सीसी से ऊपर की डीजल कारों के रजिस्ट्रेशन से रोक हटाने के बाद जिले के कार बाजार में भारी उछाल की संभावना है।
परिवहन विभाग के अधिकारी भी पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष राजस्व में बढ़ोतरी की बात कह रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस बार लग्जरी कारों समेत सभी तरह की कारों की बिक्री का आंकड़ा 200 करोड़ रुपये को छू सकता है।
सेक्टर-5 स्थित निंबस मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के जीएम (सेल्स) एसएन पाठक का कहना है कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार 15-20 फीसदी बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।
25 सितंबर के बाद कारों की बुकिंग उससे पहले की तुलना में दोगुने से ज्यादा हो गई है। नवरात्र के पहले दिन से इसमें और बढ़ोतरी की उम्मीद है। वहीं, सेक्टर-1 स्थित रोहन मोटर्स के जीएम रजनीश ने बताया कि इस बार बुकिंग का ट्रेंड बहुत अच्छा चल रहा है।