कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मेरठ रोड (एनएच-58) पर बीते 22 जुलाई से भारी वाहनों का डायवर्जन हो चुका है। डायवर्जन प्लान के तहत मेरठ रोड को वन-वे करते हुए 25 जुलाई से रोडवेज बसों तथा हल्के वाहनों को भी डायवर्ट करना था, लेकिन अभी तक गाजियाबाद की सीमा में कांवड़ियों का प्रवेश न होने पर फिलहाल रोडवेज बसों व हल्के वाहनों को राहत दी गई है। आने वाले एक-दो दिनों तक हाइवे टू-वे रहेगा। साथ ही शुक्रवार तक हल्के वाहनों का डायवर्जन टालते हुए रोडवेज बसों को भी मेरठ रोड पर जाने की अनुमति रहेगी।
रोडवेज व निजी बसों की शहर में एंट्री रोकने को लालकुआं एवं हापुड़ चुंगी के पास सीजीओ कॉम्पलेक्स के मैदान में अस्थाई बस अड्डा बनेगा। बुलंदशहर से आने वाली बसें लालकुआं से संचालित होंगी। शुक्रवार से इन्हीं अस्थायी बस अड्डों से बसों का संचालन होगा।
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर बने डायवर्जन प्लान के तहत एनएच-58 (मेरठ रोड) पर भारी वाहनों को डायवर्ट कर दिया गया है। दिल्ली की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को मेरठ तिराहा से जीटी रोड पर लालकुआं से एनएच-9 पर निकाला जा रहा है। वाहनों का दबाव बढ़ने से जीटी रोड पर दो दिन से जाम का झाम झेलना पड़ रहा है। यह जाम बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर से लेकर लालकुआं तक वाहनों की रफ्तार थमी रही। दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक जाम की स्थिति बनी रही। थाना पुलिस व ट्रैफिक पुलिस ने मशक्कत कर यातायात सुचारु कराया।