गाजियाबाद के ककोड़ क्षेत्र के वैर गांव में बुधवार सुबह घर में ही एक युवक का शव फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। युवक की मौत को लेकर गांव में अलग-अलग बातें हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार वैर गांव निवासी योगेश तीन भाईयों में दूसरे स्थान पर थे। बड़ा भाई संजीव, छोटा भाई उमाशंकर नोएडा में निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। योगेश भी नोएडा में एक वेल्डिंग की दुकान पर नौकरी करता था और उनकी मां अक्सर बीमार रहती हैं। घर की माली हालत भी ठीक नहीं है।
बताया गया कि कई दिनों से योगेश काम पर नहीं गया था। वह काफी परेशान और मानसिक तनाव में था। परिजनों ने बताया कि बुधवार की सुबह उन्होंने योगेश को घर में ही गमछे से लटका हुआ देखा। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
योगेश की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। तहरीर मिलने पर उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी। योगेश के परिजनों ने बताया कि उसका मोबाइल गायब है। काफी खोजने के बाद भी उसका मोबाइल कहीं नहीं मिला।