साइबर सिटी में बुधवार आधी रात के बाद हुई हल्की बारिश से शहर की बिजली व्यवस्था चरमरा गई। आधे शहर में कई घंटे बिजली गुल रही। सेक्टर-39, सेक्टर-57, वजीराबाद, सुशांत लोक, साउथ सिटी और मानेसर क्षेत्र में रात करीब दो बजे से सुबह 10 बजे तक बिजली गुल रही।
बता दें कि पिछले कई सालों से हल्की बारिश और तेज हवा के चलते यहां का पावर इंफ्रास्ट्रक्चर बेपटरी हो जाता है। जबकि निगम हमेशा दावा करता है कि अब ऐसा नहीं होगा। लोगों का कहना है कि रात में बिजली गुल होने से सुबह जलापूर्ति भी प्रभावित रही।
वजीराबाद निवासी विजय का कहना है कि आएदिन बिजली परेशान कर रही है। रात दो बजे बिजली गुल होने के बाद लगा कि थोड़ी देर में आ जाएगी। मगर ऐसा नहीं हुआ। लोगों को रात जागकर काटनी पड़ी।
सुबह पानी नहीं आने से समस्या और बढ़ गई। बिजली निगम के दफ्तर में फोन किया गया मगर वहां से कोई रिस्पांस नहीं मिला। गांव झाड़सा निवासी राकेश ने कहा कि पिछले कई दिनों से बिजली संकट झेलना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार सुबह दस बजे बिजली आने के बाद भी कई बार कट लगा।
वहीं राजेंद्र पार्क वालों को पिछले कई दिनों से बिजली कटौती की मार झेलनी पड़ रही है बारिश के बाद उनकी समस्या और बढ़ गई। वहीं इस्लामपुर, बादशाहपुर और मानेसर क्षेत्र में भी लगातार बिजली कटौती हो रही है।