नोएडा से गाजियाबाद के बीच आवाजाही करने वालों को आज परेशानी हो सकती है। इंदिरापुरम में नरेंद्र मोदी की रैली के मद्देनजर कई रास्तों पर डायवर्जन की मार झेलनी पड़ सकती है। नोएडा से इंदिरापुरम को जोड़ने वाला शिप्रा और काला पत्थर अंडरपास रैली के दौरान बंद रखा जाएगा।
इंदिरापुरम में शिप्रा मॉल के पास मोदी की रैली आयोजित होने जा रही है। दिल्ली, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर सहित आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में लोग रैली में पहुंचेंगे। ऐसे में इंदिरापुरम और नोएडा को जोड़ने वाले रास्ते की ट्रैफिक व्यवस्था न बिगड़े, इसको ध्यान में रखकर शिप्रा और काला पत्थर अंडरपास बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
इन दोनों ही अंडरपास के जरिए रोजाना करीब 80 हजार वाहन नोएडा-गाजियाबाद के इंदिरापुरम, वैशाली, वसुंधरा व सीआईएसएफ के बीच आवाजाही करते हैं। ऐसे में लोगों को अंडरपास का रास्ता छोड़कर लंबा चक्कर काटना होगा।