वित्त मंत्री अरुण जेटली और अरविंद केजरीवाल के डीडीसीए मानहानि मामले में बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इस दौरान केजरीवाल के वकील राम जेठमलानी और जेटली के वकीलों के बीच काफी बहस हुई।
जेठमलानी ने जेटली को धूर्त तक कह दिया। इसपर आपत्ति जताते हुए जेटली ने कहा कि क्या अरविंद केजरीवाल ने आपको अनुमति दी है ये शब्द कहने के लिए। अगर दी है तो मैं 10 करोड़ की मानहानि की राशि बढ़ाने वाला हूं। जेटली ने कहा कि अपमान की एक सीमा होती है।
सुनवाई शुरू होने पर राम जेठमलानी ने 'इंडियन एक्सप्रेस' में लिखे अपना एक आर्टिकल जेटली को दिखाया। उन्होंने वित्त मंत्री से पूछा कि क्या आपने इस आर्टिकल को पढ़ा है। जेटली के वकीलों ने जब इसपर आपत्ति जताई, तो जेठमलानी ने कहा अरुण जेटली चोर हैं, मैं ये साबित करूंगा।
जेटली ने कहा, "जेठमलानी अपनी खुद की दुश्मनी निकाल रहे हैं. अगर इसी तरह के दुर्भावनापूर्ण सवाल पूछे जाएंगे तो मैं अपनी मानहानि की 10 करोड़ की रकम को बढ़ा सकता हूं." जेटली के मुताबिक, जेठमलानी निजी जिंदगी को लेकर हमले कर रहे हैं, जो ठीक नहीं है।
राम जेठमलानी ने कोर्ट में ये भी कहा कि काला धन लाने में उन्होंने जितनी लड़ाई लड़ी, जेटली ने उस पर पानी फेर दिया। बहरहाल, कोर्ट ने अगली सुनवाई के लिए 28 और 31 जुलाई की तारीख मुकर्रर की है।