चौदह साल पहले हुए मैच फिक्सिंग मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ सुनवाई जल्द शुरू होगी। अदालत ने मामले की सुनवाई के लिए 20 मई की तारीख तय की है।
कोर्ट ने चार्जशीट की कॉपी आरोपियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिल्ली पुलिस को दिया है। इस मामले में दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर हैंसी क्रोनिए भी आरोपी था, लेकिन 2002 में उसकी मौत के बाद उसके खिलाफ सुनवाई बंद कर दी गई।
यह भी पढ़ें: करोड़ों की लूट का बड़ा सवाल, कौन है राजेश कालरा?
दिल्ली पुलिस ने 2013 में चार्जशीट अदालत में पेश की थी। पुलिस ने चार्जशीट में दक्षिण अफ्रीकी पूर्व क्रिकेटर हर्शल गिब्स और निक्की बोए को आरोपियों में शामिल नहीं किया है। मामले की सुनवाई पटियाला हाउस अदालत के सीएमएम संजय खनगवाल के समक्ष बीस मई से शुरू होगी।
मामले में आरोपी दुबई स्थित बुकी राजेश कालरा, सुनील दारा उर्फ बिट्टू को चार्जशीट की कॉपी दे दी है। यह दोनों आरोपी फिलहाल जमानत पर हैं और समन जारी होने के बाद कोर्ट में पेश हुए थे।
अदालत ने हैंसी क्रोनिए समेत छह आरोपियों के खिलाफ पेश चार्जशीट पर 23 जुलाई 2013 को संज्ञान लिया था। पुलिस का आरोप है कि हैंसी क्रोन्ये ने मैच फिक्सिंग के लिए 1.2 करोड़ रुपये लिए थे।