फरीदाबाद के लोगों लिए एक राहत भरी खबर है। शहरी क्षेत्र में बनने वाले स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों को अब 24 घंटे डॉक्टर की सुविधा मिलेगी।
स्वास्थ्य विभाग मुख्यालय ने इस प्रपोजल को पास कर दिया है। इसके साथ ही विभिन्न जांच सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए 40 लाख रुपये का बजट भी पास किया गया है।
सेक्टर-21, मुजेसर, ओल्ड फरीदाबाद और पल्ला में नव निर्मित शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर हर समय डॉक्टर मौजूद रहेंगे।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार केंद्रों पर दो-दो मेडिकल ऑफिसर, स्त्री रोग विशेषज्ञ, शिशु रोग विशेषज्ञ, सर्जन, डेंटल विशेषज्ञ, लैब टेक्नीशियन, स्टाफ नर्स होंगी।
इनमें से कुछ स्टाफ को नियुक्त कर दिया गया है, जबकि कुछ स्टाफ की नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। जिसे जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा।
केंद्रों में 24 घंटे इमरजेंसी, डिलीवरी, ब्लड एवं यूरिन की सभी मुख्य जांच सुविधा होगी। इसके अलावा ओपीडी का समय सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक होगा।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. अनूप कुमार ने बताया कि 24 घंटे स्टाफ उपलब्ध होने से मरीजों को अस्पताल के चक्कर नहीं लगाने होंगे। सभी केंद्रों पर स्वास्थ्य सुविधाओं को अपडेट करने का काम जारी है।