दिल्ली मेट्रो ऑपरेशन के 12वें साल में यात्रियों को एक कॉरिडोर के दो सेक्शन की सौगात देगी। अगले वर्ष मार्च में बदरपुर बॉर्डर से आने वाले यात्रियों को मंडी हाउस तक सीधी ट्रेन मिलेगी।
वहीं दिसंबर (2014) में फरीदाबाद से मंडी हाउस आने के लिए यात्रियों को सीधी मेट्रो मिलने लगेगी। वहीं केंद्रीय सचिवालय से कश्मीरी गेट कॉरिडोर का निर्माण अक्तूबर, 2015 में पूरा होना है। इसके बाद यात्री फरीदाबाद से बिना मेट्रो बदले कश्मीरी गेट पहुंच सकेंगे।
डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक मंगू सिंह ने बताया कि 30 दिसंबर, 2013 को फेज-तीन के पहले सेक्शन का ट्रायल शुरू होगा। यह रूट मार्च, 2014 में पब्लिक के लिए खुलेगा।
दूसरा पड़ाव बदरपुर से फरीदाबाद (13.8 किमी) का होगा। इसे दिसंबर, 2014 में शुरू किया जाएगा। इस सेक्शन के खोले जाने से न सिर्फ यात्रियों को बिना ट्रेन बदले फरीदाबाद से मंडी हाउस की सवारी मिलेगी, बल्कि राजीव चौक व केंद्रीय सचिवालय स्टेशन पर भीड़ भी घटेगी।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि फेज एक व दो को मिलाकर कुल 190 किमी का निर्माण हुआ है, जबकि फेज-तीन में 140 किमी का निर्माण किया जाना है।
तय समय में निर्माण पूरा करना चुनौती है। मेट्रो में दैनिक यात्रियों की संख्या 25-26 लाख तक पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि 11 वर्ष पहली अपनी शुरुआत के समय मेट्रो में औसतन दैनिक 35 हजार यात्री सफर करते थे।
डीएमआरसी के अनुसार केंद्रीय सचिवालय से बदरपुर लाइन का विस्तार एक ओर फरीदाबाद तो दूसरी ओर केंद्रीय सचिवालय से कश्मीरी गेट तक किया जाना है। इस सेक्शन पर दैनिक 5 लाख यात्री सफर करेंगे। बदरपुर से फरीदाबाद के वाईएमसीए चौक के सेक्शन पर 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है।
जब पूरा सेक्शन (44 किमी) पूरा हो जाएगा तो यात्री नब्बे मिनट में कश्मीरी गेट से फरीदाबाद पहुंच सकेंगे। डीएमआरसी के डायरेक्टर प्रोजेक्ट डीके सैनी का कहना है कि बदरपुर से फरीदाबाद (13.8 किमी) तक 9 स्टेशन होंगे। सत्तर फीसदी काम हो चुका है। पूरे सेक्शन पर केंद्रीय सचिवालय, मंडी हाउस व कश्मीरी गेट इंटरचेंज स्टेशन होंगे।
बदरपुर से फरीदाबाद सेक्शन के स्टेशन
वाईएमसीए चौक, फरीदाबाद न्यू टाउन, अजरोंडा, ओल्ड फरीदाबाद, बड़कल मोड़, सेक्टर-27ए, मेवाला महाराजपुर, एनएचआरसी चौक, सराय।
सेक्शन से कहां पहुंचना होगा आसान
ली मेरिडन, इंदिरा गांधी नेशनल सेंटर फॉर आर्ट, शास्त्री भवन, कृषि भवन, रॉयसीना रोड, फिरोजशाह रोड, अशोक रोड, मंडी हाउस, लेडी इर्विन कॉलेज, डालमिया हाउस, हिमाचल भवन, तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशन, आईटीओ, आईपी एस्टेट, डीडीयू मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, दिल्ली गेट, समता स्थल, डॉ. अंबेडकर स्टेडियम, मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज, दरियागंज, जामा मस्जिद, दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी, सीताराम बाजार, लालकिला, लाजपत राय मार्केट, चांदनी चौक, भागीरथ पैलेस, कश्मीरीगेट, मोरी गेट।
एनसीआर की लाइन पर बढ़ाए जा रहे हैं कोच
दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन ने बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रेन की लंबाई बढ़ाने पर काम तेज कर दिया है। गुड़गांव, नोएडा व गाजियाबाद को जोड़ने वाली लाइन संख्या 2, 3 व 4 पर अब कोई ट्रेन चार कोच की नहीं है।
गुड़गांव-जहांगीरपुरी लाइन पर सबसे अधिक 32 ट्रेनें आठ कोच की हैं। वहीं लाइन-तीन व चार पर 12 ट्रेनें आठ कोच की हैं, इनकी संख्या 31 की जानी है।
इसके लिए प्रति माह 3-4 ट्रेनों को आठ कोच में तब्दील किया जा रहा है। वहीं दिलशाद गार्डन से रिठाला की लाइन पर अभी एक ट्रेन छह कोच में तब्दील की गई है, जबकि 10 ट्रेनों को छह कोच का करना है।
बदरपुर से केंद्रीय सचिवालय और कीर्ति नगर से मुंडका लाइन पर अभी ट्रेनों में कोच की संख्या नहीं बढ़ाई जाएगी।