लालकुआं के पास एनएच-24 पर सोमवार सुबह कोहरे के कारण दो ट्रक भिड़ गए। एक ट्रक के चालक-क्लीनर घायल हो गए। हादसे से हाईवे पर करीब आठ घंटे तक वाहन चालकों का जाम का सामना करना पड़ा।
दिल्ली, नोएडा और हापुड़ जाने वाले लोगों को परेशानी हुई। ऑफिस पहुंचने में लोगों को देरी हुई। दोपहर करीब एक बजे क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया गया, तब यातायात सामान्य हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह करीब चार बजे दिल्ली से हापुड़ की ओर जा रहा ट्रक कोहरे के कारण दूसरे ट्रक से टकरा गया। ट्रक चालक और क्लीनर को चोट लगी, उन्हें राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया।
इस दौरान क्षतिग्रस्त ट्रक हाईवे पर ही खड़ा रहा, जिस वजह से वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ा। कुछ वाहन चालक रांग साइड वाहन ले जाने लगे, जिससे हापुड़ से दिल्ली की ओर जा रहे रास्ते पर भी जाम लग गया।
करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम एनएच-24 पर लगा। एनएच-24 पर जाम लगने के कारण वाहनों का दबाव जीटी रोड पर बढ़ गया, जिस कारण वाहन चालकों को जाम से जूझना पड़ा।
ऑफिस, कॉलेज, स्कूल जाने वाले लोगों को देरी हुई। अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से ट्रैफिक पुलिस जाम खुलवाने में जुटी रही।