शराब के नशे में धुत स्कूल वैन चालक ने फरीदाबाद के सेक्टर-13 एस्कॉर्ट्स मोड़ पर एक बस में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पांचवीं कक्षा की छात्रा की मौत हो गई, जबकि पांच छात्र घायल हो गए। इनमें से दो आईसीयू में भर्ती हैं।
वैन में ही सवार तीन अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई थी। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। पुलिस ने वैन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
एपीजे स्कूल की प्राइमरी विंग सेक्टर-14 में है। सेक्टर-28-29 की तरफ के कुछ विद्यार्थियों के अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्कूल से लाने ले जाने के लिए निजी वैन लगवा रखी थी।
मंगलवार दोपहर को ढाई बजे चालक वैन में छह बच्चों को लेकर एपीजे स्कूल के सेक्टर-15 स्थित सीनियर विंग जा रहा था। पुलिस के अनुसार उसने वहां से भी कुछ बच्चों को लेना था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वैन चालक जब सेक्टर-13 एस्कॉर्ट्स मोड़ पर पहुंचा तो वैन की रफ्तार काफी तेज थी।
ऐसे में चालक वैन पर अपना नियंत्रण खो बैठा और उसने सेक्टर-9 की तरफ मुड रही सफेद रंग की एक निजी बस में पीछे से टक्कर मार दी। इससे वैन का बाया हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा होते ही वैन में चीख पुकार मच गई।
वैन में चालक के साथ वाली सीट पर बैठे बच्चा अंदर फंस गया। इस दौरान वहां लोग दौड़कर वैन के पास पहुंचे और उसे खोलने का प्रयास किया। दुर्घटना के बाद वैन लॉक हो गई थी। इस पर लोगों ने वैन के शीशे तोड़कर बच्चों और चालक को बाहर निकाला।
इस दौरान बाईपास की तरफ से आ रहे एक व्यक्ति ने बच्चों और चालक को अपनी कार में सेक्टर-16 स्थित मेट्रो अस्पताल पहुंचाया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने सेक्टर-28 निवासी 11 वर्षीय गौरी कसाना को मृत घोषित कर दिया। गौरी पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। इसके अलावा सेक्टर-29 निवासी 9 वर्षीय सत्यम और आध्या को गंभीर चोटें होने के कारण भर्ती कर लिया गया।
सत्यम पांचवीं कक्षा में पढ़ता है, जबकि आध्या चौथी क्लास की छात्रा है। तीन अन्य बच्चों को मामूली चोट होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
थाना सेंट्रल प्रभारी निरीक्षक सोमबीर ने बताया कि वैन चालक सेक्टर-तीन निवासी मनोज ने शराब पी रखी थी और उससे वैन नियंत्रित नहीं हुई। पुलिस ने मनोज के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।