हरियाणा सरकार का बजट सोमवार को विधानसभा में पेश होने वाला है। सभी वर्गों को इससे काफी उम्मीदें हैं। खासकर कारोबारियों और उद्यमियों को।
उद्यमियों की मांग है कि बजट में उद्योगों की आधारभूत संरचना को मजबूत करने का प्रावधान होना चाहिए। बिजली की बढ़ी दरों को और संतुलित किया जाए। जीआईए के अध्यक्ष वीपी बजाज का कहना है कि बजट में एसएमईएस को भी विशेष राहत प्रदान की जाए। इसके अलावा एक्सट्रा डेवलपमेंट चार्ज (ईडीसी) जैसी चीजों पर भी गौर किया जाए।
हरियाणा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के महासचिव किशन कपूर का कहना है बजट में उद्योगों को अनुकूल माहौल देने का भी प्रावधान हो। गुड़गांव से इंडस्ट्री का पलायन दूसरे राज्यों में हो रहा है। यह किस कारण हो रहा है, उसे दूर किया जाए।
ट्रेडर्स व्यापार मंडल हरियाणा के गुड़गांव अध्यक्ष कन्हैया लाला पाहवा ने कहा कि कारोबारियों के हितों की बात बजट में होनी चाहिए।
सबसे पहले सवा पांच प्रतिशत के वैट को चार प्रतिशत कर देना चाहिए। वहीं व्यापारियों को बेहतर माहौल देना जरूरी है। सदर बाजार जैसे स्थानों पर शौचालय और कूड़ा फेंकने की जगह निर्धारित करनी चाहिए।
सबसे जरूरी है कि पटरी बाजार के लिए स्थान निर्धारित करना चाहिए। इससे हजारों छोटे कारोबारियों का भला हो। ट्रेडर्स व्यापार मंडल हरियाणा गुड़गांव के महासचिव प्रदीप का कहना है कि सदर बाजार में अतिक्रमण के नाम पर पटरी बाजार वालों को उजाड़ा जा रहा है।
अगर उन्हें स्थान मिले तो अतिक्रमण से भी छुटकारा मिल जाएगा और उन्हें जीविका कमाने में दिक्कत नहीं होगी। व्यापारी हरीश लूथरा, सुभाष गुप्ता और राजकुमार गोयल का कहना है कि बजट में छोटे व्यापारियों के हितों को ध्यान रखना जरूरी है।