हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के बुधवार को घोषित बारहवीं के परीक्षा परिणाम में गुरुग्राम जिला का 70.05 फीसदी परिणाम रहा। गत वर्ष के मुकाबले हालांकि इस बार 14 फीसदी अधिक विद्यार्थी सफल रहे। इसके बावजूद प्रदेश स्तर पर गुरुग्राम जिला 19वें पायदान पर रहा।
वहीं दूसरी ओर प्रदेश स्तर पर नूह जिला गुरुग्राम से आगे निकल गया। जिले के 75 फीसदी परिणाम के साथ 13वें स्थान पर रहा। गुरुग्राम में इस बार 7639 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इसमें से 5351 विद्यार्थी सफल हुए जबकि 974 विद्यार्थी फेल हो गए। वहीं 1314 विद्यार्थियों का कंपार्टमेंट रहा।
हरियाणा बोर्ड की ओर से बुधवार दोपहर तीन बजे बारहवीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इसमें निजी स्कूलों के मुकाबले जिले के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। परिणाम जानने के लिए सुबह से ही स्कूलों में विद्यार्थियों का उत्साह दिख रहा था।
हालांकि काफी लंबे इंतजार के बाद दोपहर उनकी मेहनत का परिणाम उनके सामने आया। परिणाम के बाद छात्रों ने अपने शिक्षकों के साथ सेल्फी ली और एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। अपने छात्रों का बेहतरीन प्रदर्शन देख स्कूलों के प्रधानाचार्य भी काफी खुश दिखे।