फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनाव में बवालः निर्दलीय उम्मीदवार की दो कारें तोड़ी गईं

Thu, 16 Oct 2014 07:44 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, फरीदाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फरीदाबाद के एनआईटी विधानसभा क्षेत्र के एक निर्दलीय प्रत्याशी की कार को मंगलवार रात एक राजनैतिक पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तोड़ दिया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि कार में वोटरों को लुभाने के लिए शराब और रुपये ले जाए जा रहे हैं। हालांकि, जांच में कार से कोई ऐसी चीज बरामद नहीं हुई। वहीं, बुधवार को भी नंगला गुजरान में भी इस प्रत्याशी के वाहन पर पथराव किया गया और बस्ते पर हंगामा किया गया।
विज्ञापन


बड़खल से निर्दलीय प्रत्याशी संदीप पुरुषभान को मंगलवार रात अनियंत्रित कैंटर ने सामने से टक्कर मार दी। कार में बैठे संदीप को गंभीर चोटें आईं। एनआईटी विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी व श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शिव चरण लाल शर्मा की कार मंगलवार शाम सेक्टर-55 पुलिस स्टेशन रोड पर जा रही थी। थाने से कुछ ही दूर 10-12 युवकों ने उनकी कार को जबरन रुकवा लिया और तोड़फोड़ कर दी।

तोड़फोड़ करने वाले युवकों का आरोप था कि कार में वोटरों को लुभाने के लिए शराब और रुपया ले जाया जा रहा है। सेक्टर-55 एसएचओ के मुताबिक यह लोग अपने को किसी राणा और भाटी का समर्थक बता रहे थे। कार चालक ने तोड़फोड़ की जानकारी पुलिस और शिवचरण को दी। मौके पर पहुंची सेक्टर-55 पुलिस ने चुनाव आय-व्यय निरीक्षक को मामले की सूचना दी और कार को थाने ले गई।
विज्ञापन


रात में ही पहुंची आय-व्यय निरीक्षक टीम ने जांच की। टीम को कार के अंदर से एक फ्लैक्स बैनर एक पैकेट सीटियां (शर्मा को आवंटित चुनाव चिन्ह) और कुछ स्टिकर बरामद हुए। जांच प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई गई। टीम ने रिपोर्ट तैयार कर एनआईटी के रिटर्निंग आफीसर दिनेश यादव को भेज दी। यादव ने बताया कि जांच चल रही है जो तथ्य आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

बुधवार शिव चरण शर्मा के कुछ खास समर्थक मतदान केंद्रों के बाहर बने बस्तों का निरीक्षण कर रहे थे। करीब दो बजे यह समर्थक कार से नंगला गुजरान के बस्ते पर पहुंचे। यहां पहले से मौजूद विरोधी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनकी कार पर पथराव कर दिया, जिससे पिछले दरवाजे का शीशा टूट गया। एसएचओ मुजेसर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

उधर, बड़खल से निर्दलीय प्रत्शीय संदीप पुरुषभान को मंगलवार रात अनियंत्रित कैंटर ने एनएच 1-2 के चौक पर सामने से टक्कर मार दी। कार में बैठे संदीप को गंभीर चोटें आईं। उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएचओ एसजीएम नगर ने बताया कि कैंटर चालक को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें