हरदीप सिंह पुरी ने अनाधिकृत कॉलोनियों में रहने वाले 20 लोगों को सौंपी रजिस्ट्री
- फोटो : अमर उजाला
अनाधिकृत कॉलोनियों के किए कानून लाने के बाद शुक्रवार(3 जनवरी) को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इन कॉलोनियों में रहने वाले पहले 20 परिवारों को रजिस्ट्री के कागजात और कनवेयन्स डीड सौंप दिए।
इसे लेकर हरदीप पुरी ने खुद ट्वीट कर बताया कि आज उन्होंने अवैध कॉलोनियों में रहने वाले 20 परिवारों को रजिस्ट्री के कागज सौंपे हैं। बता दें कि आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अनाधिकृत कॉलोनियों में रहने वालों को रजिस्ट्री के कागज सौंपना एक बड़ा मुद्दा है।
केंद्र की भाजपा सरकार ने बीते साल ही अनाधिकृत कॉलोनियों को पक्का करने का कानून बनाया था। इसके तहत दिल्ली की इन कॉलोनियों में रहने वाले करीब 40 लाख परिवारों को उनके घरों पर मालिकाना हक मिल जाएगा।
अनाधिकृत कॉलोनियों को लेकर दिल्ली सरकार केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाती रही है कि अगर उसकी मंशा साफ है तो चुनाव से पहले सिर्फ 100 परिवारों को ही रजिस्ट्री क्यों सौंपी जा रही है और वह 100 लोग कौन हैं? आप जनता के बीच जाकर ये भी कहती रही है कि जब तक उनके हाथ में रजिस्ट्री के कागजात नहीं आ जाते तब तक उन्हें केंद्र सरकार की बातों पर भरोसा नहीं करना चाहिए।