भारत के अमृत महोत्सव पर हर घर तिरंगा अभियान की धूम रही। शनिवार को भाजपा सांसदों ने एक तरफ अभियान की कमान संभाली तो दूसरी तरफ व्यापारी व आरडब्ल्यूए संगठन भी पीछे नहीं रहे। सांसद रमेश बिधूड़ी ने सुबह 5:30 बजे दक्षिणी दिल्ली जिले के संगम विहार में 4 किलोमीटर की पैदल तिरंगा यात्रा निकाली। इसमें स्कूली बच्चे, अभिभावक, अध्यापकों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। अभियान के तहत दक्षिणी दिल्ली संसदीय क्षेत्र में 1 लाख 75 हजार झंडें लगाए जाएंगे। पश्चिमी दिल्ली सांसद प्रवेश साहिब सिंह के नेतृत्व में नजफगढ़ में तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। इस मौके पर उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को 2 लाख तिरंगा दिया गया है, ताकि हर घर में तिरंगा लग सके।
सांसद मनोज तिवारी ने तिरंगा मोटरसाइकिल यात्रा, तिरंगा पदयात्रा प्रभात फेरी और राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर आजादी का अमृत उत्सव मनाया। सुबह 8 बजे पूर्वी करावल नगर में प्रभात फेरी में भाग लिया तो बुराड़ी में 4 किलोमीटर लंबी तिरंगा पदयात्रा की। इसके बाद शाहदरा के श्यामलाल कॉलेज में 100 फुट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया।
उन्होंने शाम 4 बजे सिग्नेचर ब्रिज से नंद नगरी तक लगभग 4 किलोमीटर लंबी तिरंगा मोटरसाइकिल रैली का नेतृत्व किया। इस अवसर पर मनोज तिवारी ने कहा कि गुमनाम शहीदों को याद करने के लिए आजादी के इतिहास को खंगालने की जरूरत पड़ती थी लेकिन आज अमर शहीदों के गौरव तिरंगा को लेकर भाजपा घर घर पहुंच रही है। रैली में जिला प्रभारी सत्यनारायण गौतम, उपाध्यक्ष आनंद त्रिवेदी, आशीष तिवारी समेत कई कार्यकर्ताओं शामिल रहे।