ज्योति नगर इलाके में 22 जून को हुई बेहटा, लोनी गाजियाबाद निवासी सलीम उर्फ गुड्डू उर्फ हक्ला की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने इस संबंध में तीन ऑटो चालकों को दबोचा है।
इनकी पहचान दीपक उर्फ कालू (22), बंटी उर्फ पोली (20) और ट्रॉनिका सिटी, लोनी गाजियाबाद निवासी अरमान उर्फ सलमान (20) के रूप में हुई है।
दरअसल, सलीम इलाके का घोषित बदमाश था। वह लोनी गोल चक्कर के पास ऑटो चालकों से जबरन पैसे छीन लिया करता था। इसी को लेकर उसका दीपक से झगड़ा हुआ था। सलीम ने दीपक को थप्पड़ मार दिया था।
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त वीनू बंसल ने बताया कि 22 जून की सुबह सलीम का शव बरामद हुआ था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि 19 जून को सलीम ने दीपक नामक ऑटो चालक को थप्पड़ मार दिया था।
इसके अलावा उसने दूसरे ऑटो चालक बंटी की कनपटी पर कट्टा रखकर उससे दो सौ रुपये छीन लिये थे। इसी का बदला लेने लिए दीपक बंटी व सलमान ने सलीम की हत्या की योजना बनाई।
21 जून की रात को सोते समय सलीम की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।