गुरुग्राम ने प्रदूषण के मामले में दिल्ली एवं एनसीआर के शहरों को ही नहीं बल्कि देश के तमाम शहरों को पीछे छोड़ दिया है। बुधवार को गुरुग्राम में प्रदूषण का स्तर एक दिन पहले यानी मंगलवार की तुलना में कम लेकिन अन्य शहरों के मुकाबले सबसे अधिक रहा। गुरुग्राम अकेला ऐसा शहर रहा, जिसमें वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में पीएम-2.5 का स्तर 416 प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सुबह गुरुग्राम में एक्यूआई में पीएम-2.5 का स्तर 450 से अधिक था। दोपहर को हवा चलने पर प्रदूषण का स्तर कम होना शुरू हुआ, मगर एयर क्वालिटी इंडेक्स में पीएम-2.5 का स्तर चार सौ से ऊपर ही रहा। बोर्ड के मुताबिक, मंगलवार की तुलना में प्रदूषण का स्तर कम था, लेकिन देश के 67 शहरों में पहले स्थान पर रहा। दिल्ली और एनसीआर के अन्य शहरों में प्रदूषण का स्तर गुरुग्राम से काफी नीचे रहा।