कांग्रेस की दिग्गज और पूर्व में राजस्थान की राज्यपाल रही मार्गरेट अल्वा के बेटे 42 वर्षीय निखिल अल्वा के खिलाफ गुरुग्राम के डीएलएफ फेज 3 पुलिस थाने में अश्लील मेसैज भेजने और छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ है।
पीड़िता ने पुलिस में शिकायत की है कि निखिल ने ईमेल के जरिए उसे मैसेज भेजे और छेड़छाड़ करने की कोशिश की। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और कार्रवाई करने की बात कही है। बता दें कि पीड़िता ने 4 दिसंबर 2018 को पुलिस में शिकायत करते हुए लिखा है कि हम दोनों एक ही सोसाइटी में रहते हैं, जिसकी वजह से उसके पास मेरी ईमेल आईडी पहुंची थी। तब से ही वो मुझे ईमेल भेजता था। मेरे बार-बार मना करने के बावजूद निखिल नहीं रुका और बाद में अश्लील मैसेज भेजने लगा।
वहीं, निखिल का कहना है कि महिला के साथ उनका विवाद कई सालों से चला आ रहा है। मेरा उसके साथ सोसाइटी में अवैध निर्माण को लेकर विवाद था। उन्होंने महिला द्वारा लगा गए सभी आरोपों पर सफाई देते हुए ट्विटर पर लिखा, 'यह सभी आरोप झूठे और राजनीतिक रूप से प्रेरित हैं।'
हाई प्रोफाइल मामला होने के चलते गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि हम ईमेल्स की जांच कर रहे हैं और सभी इस केस की सभी एंगल से जांच कर रहे हैं।