-धुलेंडी पर अहाता में हो रही थी पार्टी, युवकों के घुसने पर हुआ विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। बादशाहपुर थाना क्षेत्र में सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर सेक्टर-74 स्थित सवाना अहाता में 4 मार्च की दोपहर को चल रही होली पार्टी में स्थानीय युवकों के घुसने के बाद विवाद हो गया। पार्टी में शामिल लोगों ने स्थानीय युवकों का विरोध किया था। विवाद बढ़ने पर स्थानीय युवकों ने हवाई फायरिंग भी की। मामले में एसपीआर चौकी की पुलिस छानबीन कर रही है। बादशाहपुर थाने में फायरिंग के मामले में अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार सेक्टर-74 में ठेका के पास सवाना अहाता बना हुआ है। अहाता में होली व धुलेंडी पर आयोजित कार्यक्रम में सिर्फ कपल एंट्री थी। बताया जा रहा है कि अहाता में तैनात एक बाउंसर के जानने वाले कुछ युवक अंदर घुस गए थे। पार्टी में शामिल कुछ कपल ने स्थानीय युवकों के पार्टी में आने पर एतराज जताया था। इससे दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। इसी दौरान एक युवक ने हवाई फायरिंग कर दी। अहाता संचालक ने घटना के बारे में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के आने से पहले ही युवक मौके से भाग गए थे। जांच अधिकारी एएसआई गणेश ने घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। बादशाहपुर थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर विजयपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अहाता में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना के बारे में सही जानकारी मिल सके।
गायक मनकीरत औलख के कार्यक्रम में हुआ हंगामा
होली व धुलेंडी के अवसर पर शहर में कई स्थानों पर युवाओं द्वारा हंगामा करने की घटनाएं सामने आई हैं। 4 मार्च को सेक्टर-29 स्थित जिमखाना क्लब में आयोजित पंजाबी गायक मनकीरत औलख के कार्यक्रम में भी हंगामा हो गया। कुछ युवकों में पहली लाइन में खड़े होने को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गया। लोगों ने एक-दूसरे से हाथापाई की। कार्यक्रम के दौरान लोगों में जमकर लात-मुक्के चले। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे की टी-शर्ट व शर्ट फाड़ दिए। कार्यक्रम में मारपीट व हंगामे की घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। सेक्टर-29 थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर झगड़ा करने वाले लोगों को कार्यक्रम से बाहर निकालकर माहौल को शांत कराया।