- आईएमटी चौक पर पूछताछ के बाद थप्पड़ और पत्थर से किया वार, निजी अस्पताल में भर्ती
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो गुरुग्राम। मानेसर थाना क्षेत्र के आईएमटी चौक के पास भाई का इंतजार कर रहे एक युवक पर दो अज्ञात युवकों ने हमला कर घायल कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने 31 जुलाई को अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेड़की माजरा गांव स्थित शिव ज्योति कॉलोनी निवासी रवि कुमार ने पुलिस को बताया कि वह बिनौला गांव स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। 27 जुलाई को ड्यूटी खत्म करने के बाद वह आईएमटी चौक पर अपने भाई का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और उनसे कंपनी में काम करने के बारे में पूछा। रवि ने जब कंपनी में काम करने की बात कही तो एक युवक ने अचानक उन्हें थप्पड़ मार दिया, जिससे वह जमीन पर गिर गए। इसके बाद दूसरे युवक ने पीछे से पत्थर से हमला कर दिया। हमले में रवि गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच हेड कांस्टेबल उमेश कर रहे हैं।