पटौदी। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर रामपुरा फ्लाईओवर के पास खड़े कैंटर में गाड़ी टकराने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई । मृतक की पहचान धारूहेड़ा निवासी सुरेंद्र सैनी के रूप में हुई। पिता की शिकायत पर खेड़की दोला थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, धारूहेड़ा निवासी शेर सिंह ने बताया कि उसका बड़ा बेटा सुरेंद्र सैनी बृहस्पतिवार को अपनी गाड़ी से गुरुग्राम किसी काम से गया था। बृहस्पतिवार की देर रात को सूचना मिली कि बेटे का एक्सीडेंट रामपुरा फ्लाईओवर के पास हुआ है । सूचना मिलने पर पिता अपने परिजनों के साथ रामपुरा फ्लाईओवर के पास पहुंचे । वहां से पिता को सूचना मिली कि बेटे को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जब पिता अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि बेटे की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक के पिता ने अपने स्तर पर जांच की तो पता चला कि राव होटल के पास चालक ने रोड के साइड में कैंटर बिना पार्किंग लाइट के खड़ा किया हुआ था जिसके वजह से बेटे को पता नहीं चल सका और गाड़ी कैंटर से टकरा गई ।