बिजली विभाग ने 10 साल के बच्चे के नाम जारी किया मीटर, बुजुर्ग को पीपीपी से नाम हटने से झेलनी पड़ रही परेशानी
नंबर गे- 07 शिकायतों पर हुई सुनवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित समाधान शिविर में सोमवार को सीटीएम ज्योति नागपाल ने आमजन की 7 शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उनके त्वरित समाधान के कड़े निर्देश दिए। वहीं, सीटीएम के सामने आईं इन दो बड़ी शिकायतों ने व्यवस्था के दावों की पोल खोलकर रख दी है, जहां सरकारी सिस्टम की खामियों के कारण बुजुर्ग और महिलाएं महीनों से दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। एक ओर जहां बुजुर्ग का परिवार पहचान पत्र से नाम काट दिया है तो वहीं बिजली विभाग ने मासूम के नाम पर बिजली मीटर जारी कर दिया है। अब प्रशासनिक स्तर पर हुई गलतियों के लिए लोग परेशानी झेल रहे हैं।
दो साल से नहीं मिला न्याय : पुष्पा देवी
अर्जुन नगर की रहने वाली 75 वर्षीय बुजुर्ग पुष्पा देवी पिछले दो साल से सरकारी सिस्टम की मार झेल रही हैं। समाधान शिविर में पहुंची पुष्पा देवी ने बताया कि उनके परिवार पहचान पत्र से उनका नाम बिना किसी ठोस कारण के काट दिया गया है। नाम कटने की वजह से उन्हें सरकार की ओर से मिलने वाली बुढ़ापा पेंशन सहित किसी भी अन्य कल्याणकारी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस ढलती उम्र में अपने कागजात ठीक कराने के लिए वह पिछले दो साल से समाधान शिविरों और विभिन्न सरकारी दफ्तरों की चौखट पर अपने जीवित होने के सबूत देकर समाधान कराने की मांग कर रही हैं, लेकिन अधिकारी केवल आश्वासन दे रहे हैं।
मासूम के नाम जारी किया बिजली मीटर : वीणा
सेक्टर-52 की निवासी वीणा पिछले छह महीने से बिजली निगम के दफ्तरों के चक्कर काट रही हैं, क्योंकि विभाग ने उनके 10 साल के नाबालिग बच्चे के नाम पर बिजली का मीटर जारी कर दिया है। वीणा का सवाल है कि कोई भी सरकारी विभाग किसी नाबालिग बच्चे के नाम पर आधिकारिक मीटर कैसे अलॉट कर सकता है। जब वह इस भारी गलती को सुधरवाने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों के पास गईं, तो उनकी सुनवाई करने के बजाय उन्हें केवल तारीख पर तारीख दी जाने लगी। पिछले छह महीने से वह लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रही हैं, लेकिन तकनीकी खामी को दूर करने में बिजली विभाग पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है।
समाधान शिविर में सीटीएम ज्योति नागपाल शिकायत सुनती हुई । वि
समाधान शिविर में सीटीएम ज्योति नागपाल शिकायत सुनती हुई । वि