सेक्टर-9 के सामुदायिक केंद्र में सोमवार रात आयोजित एक शादी समारोह में कुछ युवकों ने एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपियों ने पैसों के लेन-देन में बड़े भाई से हुई कहासुनी का बदला लेने के लिए उसके छोटे भाई को मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान रवि नगर निवासी सुमित (25) के रूप में हुई है। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक सुमित के बड़े भाई रोहित सोलंकी ने दी शिकायत में बताया है कि सोमवार शाम वह अपने दोस्त अजय के साथ सेक्टर-नौ स्थित सामुदायिक केंद्र में एक शादी समारोह में गए थे। कुछ देर बाद छोटा भाई सुमित भी मोटर साइकिल से वहां आ गया। वहां उसकी पहले से मौजूद दोस्त चंदन कुमार व चव्वनी से मुलाकात हुई। सभी आपस में बात कर रहे थे। रोहित के अनुसार तभी विशाल उर्फ विशु नामक युवक उसे शादी समारोह के लिए सजाए टेंट के पीछे ले गया। वहां पहुंचते ही पहले से मौजूद रवि नगर, राहुल ठाकुर, आकाश, देवीलाल कॉलोनी निवासी अंशुल व गांधी नगर निवासी अनुभव उर्फ गुड्डू ने मारपीट शुरू कर दी। रोहित ने बताया कि वह वहां से किसी तरह बचकर नागरिक अस्पताल की ओर भाग निकला। इस बीच छोटे भाई सुमित को लेने दोबारा उक्त समारोह में गया।