संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। ताऊ देवीलाल स्टेडियम में शनिवार को जिला केसरी दंगल के लिए आयोजित कुश्ती के ट्रायल में विभिन्न भार वर्गों के पहलवानों ने अपने दांवपेंच से स्थान पक्का करने की कोशिश की। प्रतियोगिता को लेकर पहलवानों में उत्साह देखने को मिला। ट्रायल से चयनित बच्चों को जिला केसरी दंगल प्रतिस्पर्धा में खेलने का मौका मिलेगा।
यह प्रतियोगिता पलवल और राई यूनिवर्सिटी में आयोजित की जा रही है। पलवल में 22 अक्तूबर से 24 अक्तूबर तक और राई यूनिवर्सिटी में 29 अक्तूबर से 1 नवंबर तक होनी है। सरकार की ओर से विजेता खिलाड़ियों के लिए प्रत्येक भार वर्ग के विजेताओं को 21 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। वहीं हरियाणा केसरी के विजेता को 1.5 लाख रुपये और उपविजेता को 1 लाख रुपये की राशि मिलेगी।