शीतला माता मंदिर में भक्तों ने लगाए जयकारे, दरबार की सजावट मोह रही मन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। भक्तों ने बुधवार को माता के कूष्मांडा रूप की पूजा की। नवरात्र के चलते शहर के मंदिरों में माता की पूजा के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। वहीं, कुछ लोग घरों में कीर्तन का आयोजन भी कर रहे हैं। शीतला माता मंदिर में नवरात्रि के चौथे दिन काफी संख्या में भक्तों ने माता के दर्शन किए। माता के दरबार को विभिन्न रंगों के गुलाब, कमल, सफेद गुलदाउदी और गेंदे के फूल से सजाया गया। हर रोज माता का दरबार अलग-अलग रंगों के फूलों से सजाया जा रहा है।
मंदिर में मोर की आकृति, मोर पंखों की सजावट के अलावा एक लाख सिक्कों के चिपकाकर सजावट की गई है। मंदिर के सीईओ सुमित कुमार ने बताया कि पिछली नवरात्र पर एक भक्त ने काजू, बादाम आदि सूखे मेवों की सजावट कराई थी। लाखों रुपये के खर्च से हुई ये सजावट सुंदर तो लगती है मगर बाद में ये चीजें किसी काम नहीं आती हैं। इसलिए इस बार सिक्कों सजावट के सुझाव को अपनाया गया। सिक्के बाद में मंदिर के रखरखाव में काम आएंगे।
रेलवे रोड स्थित चिंतपूर्णी मंदिर में मंदिर स्त्री सत्संग सभा की ओर से भजन कीर्तन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, पालम विहार स्थित नंदा देवी मंदिर में सुबह 7.30 बजे से देवी की पूजा और दुर्गा सप्तशती का पाठ शुरू हो रहा है। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष करण सिंह बिष्ट ने बताया कि मंदिर में अष्टमी की विशेष पूजा और कंजिका पूजन किया जाएगा। नवमी को भंडारे का कार्यक्रम होगा। सेक्टर-41 स्थित शक्तिपीठ मंदिर में नवरात्रि पर सुबह और शाम की आरती में काफी संख्या में लोग एकत्र हो रहे हैं।
-
मेले में श्रद्धालुओं की सेहत जांच रहा स्वास्थ्य विभाग
गुरुग्राम। नवरात्र मेले में मां शीतला के दर्शन करने आ रहे श्रद्धालुओं की सेहत को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने मंदिर परिसर में जांच तेज कर दी है। विभाग की टीम पानी और प्रसाद-मिठाई की दुकानों पर नजर रख रही है। दुकानदारों को साफ-सफाई रखने और खाने-पीने की चीजें ढककर रखने के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार को टीम ने पीने के पानी की जांच की, जिसमें क्लोरीन की मात्रा तय मानकों के अनुसार मिली। पानी की टंकी की सफाई और क्लोरीनेशन भी कराया गया। मंदिर प्रबंधन को भी परिसर में सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने दुकानदारों को खुली मिठाई नहीं बेचने की हिदायत दी है। जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विकास स्वामी ने बताया कि श्रद्धालुओं को साफ पानी और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिले, इसके लिए टीमें लगातार जांच करती रहेंगी।
-
डांडिया उत्सव 19 अक्तूबर तक चलेगा
गुरुग्राम। नवरात्र के मौके पर शहर में जगह-जगह डांडिया के कार्यक्रम चल रहे हैं। सेक्टर-4 स्थित सामुदायिक भवन में घुंघरू डांस ग्रुप ने डांडिया नाइट आयोजित की। इसमें खादी ग्रामोद्योग बोर्ड की पूर्व अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ मुख्य अतिथि रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत देवी पूजन से हुई। कोरियोग्राफर विजया फ्लोरा ने गृहिणियों को डांडिया डांस सिखाया था। महिलाओं ने मां दुर्गा के गीतों और बॉलीवुड गरबा पर जमकर डांस किया। रिद्धि प्रिंसेस ऑफ डांडिया और प्रीति सेठी क्वीन ऑफ डांडिया चुनी गईं। गुजराती समाज का डांडिया उत्सव सेक्टर 72 स्थित अनंता बैंक्वेट हॉल में चल रहा है। यह कार्यक्रम 19 अक्तूबर तक चलेगा। संवाद
दुर्गा पूजा और आनंद मेला शुरू
गुरुग्राम। दुर्गा पूजा के कार्यक्रम बृहस्पतिवार से शुरू होंगे। इसी दिन पूजा पंडालों में आनंद मेला आयोजित किया जाएगा। 16 अक्तूबर की शाम से मां दुर्गा पंडालों में विराजेंगी। 16 से 19 अक्तूबर तक हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। शहर में 50 से अधिक पूजा पंडाल लगाए जा रहे हैं। संवाद
सोहना में राम बारात निकालते स्थानीय निवासी। निवासी
सोहना में राम बारात निकालते स्थानीय निवासी। निवासी
सोहना में राम बारात निकालते स्थानीय निवासी। निवासी
सोहना में राम बारात निकालते स्थानीय निवासी। निवासी