गुरुग्राम। पुलिस लाइन में बने सेफ हाउस को ओर भी ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है योजना के तहत सेफ़ हाउस में न सिर्फ पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए जाएंगे। यह जानकारी डीसीपी हेड क्वार्टर आस्था मोदी ने बुधवार को दी।
आस्था मोदी ने बताया कि पुलिस आयुक्त कला रामचंद्रन की योजना उनके निर्देश पर सेफ हाउस को और सुरक्षित बनाने की कवायदें की जाएंगी। जिसके तहत महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए पुलिस कर्मियों की रोटेशन के मुताबिक ड्यूटी लगाई जाएगी तो वही आसपास सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे ताकि सेफ हाउस के इर्द-गिर्द होने वाली हर एक गतिविधि पर नजर रखी जा सके। इतना ही नहीं महिलाओं के लिए अलग से बाथरूम की व्यवस्था भी की जाएगी जिसके आसपास पुरुष फटक भी नहीं सकेंगे। मालूम हो कि मंगलवार को सुरेंद्र नामक हवलदार ने एक महिला की स्नान के दौरान वीडियो बना ली थी जिसकी महिला ने बाद में शिकायत भी की थी। उसके बाद से ही अब सेफ हाउस को और सुरक्षित करने के लिए पुलिस आयुक्त ने तमाम दिशा निर्देश जारी किए हैं।