गुरुग्राम। महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से रविवार को गुरुग्राम में पिंकथॉन डे का चौथा संस्करण आयोजित किया गया। सुबह छह बजे शुरू हुई तीन किलोमीटर की दौड़ में महिलाओं और परिवारों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया। पिंकथॉन डे भारत, बांग्लादेश और नीदरलैंड के 65 शहरों में 168 स्थानों पर आयोजित हुआ। इसका उद्देश्य विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं को एक मंच पर लाना था। कार्यक्रम में परिवारों की भागीदारी भी खास रही। आयोजकों के अनुसार, 96 वर्ष की एक महिला ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ दौड़ में हिस्सा लिया। इससे यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ जीवनशैली के लिए उम्र कोई बाधा नहीं है। संवाद