क्टर-89 स्थित एलान मॉल के सामने क्षतिग्रस्त हालत में महिला के शव मिलने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-89 स्थित एलान मॉल के सामने जंगलों में 12 जून को अर्धनग्न अवस्था में मिले महिला के शव को लेकर पुलिस ने दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या करने की आशंका जताई है। महिला की मौत से पहले दुष्कर्म किए जाने का संदेह भी है। 14 जून को खेड़कीदौला थाने की पुलिस ने अप्राकृतिक, संदिग्ध मृत्यु संबंधी धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया था।
हालांकि शव सड़ी-गली हालत में होने के कारण दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई थी। मृत महिला के बिसरे को जांच के लिए लैब भेजा गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के सही कारणों और दुष्कर्म के बारे में पता चल सकेगा। मृतका उत्तर प्रदेश के बरेली की निवासी थी। उसकी उम्र करीब 35 साल थी। वह वर्तमान में गुरुग्राम के सिकंदरपुर में रहकर अपने पति के साथ खेड़कीदौला क्षेत्र में कूड़ा बीनने का काम करती थी। वह तीन दिनों से लापता थी। मामले में खेड़कीदौला थाने के प्रभारी कृष्ण का कहना है कि मामले में हत्या संबंधी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मामला दर्ज किया जाएगा। एसीपी मानेसर विरेंद्र सैनी ने कहा कि इस मामले में विभिन्न बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला के मौत के सही कारणों को पता चल सकेगा। महिला के लापता होने और हत्या के बाद शव मिलने के दौरान हुए घटनाक्रमों के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।