संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। गांव सांचोली में 22 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। महिला फंदे पर लटकी मिली थी। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर पति सहित 6 के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया है।
रविवार को गांव सांचोली निवासी रेशमा फंदे से लटकती मिली। ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके वालों को सूचना देकर अवगत कराया। परिजन देर रात सांचोली पहुंचे और पति मुस्तकीन, उसके बड़े भाई सकील, पिता मुस्ताक, मां रविना व दो बहनों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। भाई सहूद ने पुलिस को बताया कि दो बहनों रेशमा व साहिला की शादी दो वर्ष पहले की थी। मुस्तकीन विवाह में कम दहेज मिलने और 5 लाख रुपये पिता के घर से लेकर आने के लिए रेशमा को प्रताड़ित करता था जिसको कई बार समझाया भी गया था। मुस्तकीन का भाई सकील भी उसकी बड़ी बहन साहिला के साथ मारपीट करता था।
सदर थाना प्रभारी सुखपाल बताते हैं कि मृतका के भाई से मिली शिकायत पर 6 आरोपियों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।