- उपचार के लिए परिवार वाले ले गए मेरठ, पुलिस दर्ज करेगी घायल महिला के बयान
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो गुरुग्राम। सेक्टर-14 थाना क्षेत्र के सेक्टर-12 स्थित आचार्यपुरी में 7 अक्तूबर की रात इमारत की तीसरी मंजिल से गिरकर एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे सेक्टर-51 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर परिवार वाले उसे रेफर कराकर मेरठ ले गए। पुलिस के अनुसार महिला के बयान दर्ज होने के बाद ही घटना की सही परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। पुलिस के अनुसार घायल महिला की पहचान मूल रूप से मेरठ निवासी पायल के रूप में हुई है। वह अपने पति आकाश के साथ आचार्यपुरी में किराये के मकान में रहती थी। दोनों ने करीब पांच माह पहले प्रेम विवाह किया था। पुलिस को प्रारंभिक जानकारी मिली है कि 7 अक्तूबर की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद महिला इमारत की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद महिला को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में परिजन उसे मेरठ ले गए। पुलिस की ओर से महिला के बयान दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। जांच अधिकारी के अनुसार अभी यह स्पष्ट नहीं है कि महिला खुद तीसरी मंजिल से नीचे गिरी या किसी अन्य परिस्थिति में हादसा हुआ। महिला के बयान के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
बयान के बाद स्पष्ट होगी स्थिति- जांच अधिकारी गुलद्दीन खान ने बताया कि परिवार वाले घायल महिला को उपचार के लिए मेरठ ले गए हैं। पुलिस टीम महिला के बयान दर्ज करने के लिए मेरठ जाएगी। बयान मिलने के बाद ही पता चलेगा कि महिला इमारत से गिरी थी या घटना के पीछे कोई अन्य परिस्थिति थी।