एक साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
आरोपी पत्नी की पहचान नवादा (बिहार) के छत्तीहर गांव निवासी सोनी देवी (35 वर्ष) वर्तमान निवासी गुरुग्राम के डूंडाहेडा गांव के रूप में हुई। वहीं, गड्ढा खोदने वाले आरोपी की पहचान मेरठ (उत्तर प्रदेश) के हस्तिनापुर निवासी संतरपाल (60 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि आरोपी महिला सोनी देवी का आरोपी रविंद्र के साथ करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
महिला के हैं दो बच्चे
आरोपी रविंद्र ने प्रेम प्रसंग के दौरान सोनी देवी के साथ अश्लील वीडियो बनाया हुआ था। सोनी देवी व विक्रम (मृतक) के दो बच्चे, जिसमें एक लड़का व एक लड़की है। लड़की ने खेलते-खेलते एक दिन रविंद्र के मोबाइल में वीडियो देख लिया और अपने पापा विक्रम (मृतक) को बता दिया। यह बात रविंद्र व सोनी देवी को पता चल गई। इसके चलते सोनी ने प्रेमी आरोपी रविंद्र के साथ मिलकर अपने पति (विक्रम) की हत्या करने की योजना बनाई। पुलिस इस मामले में अभी तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
यूट्यूब पर वीडियो देखकर बनाई हत्या की योजना
आरोपी रविंद्र और सोनी देवी ने विक्रम (सोनी के पति) की हत्या करने, हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने और हत्या से बचने के लिए यूट्यूब पर विभिन्न तरीके देखे। दोनों आरोपियों ने विक्रम (सोनी के पति) की हत्या करने की योजना बनाई थी। वहीं, रविंद्र ने अपने कई साथियों को गुरुग्राम बुलाया और उनके साथ मिलकर सोनी देवी के पति विक्रम की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।
आरोपी ने चाचा से ही खुदवाया गड्ढा
विक्रम की हत्या की योजना के तहत आरोपी रविंद्र अपने चाचा संतरपाल जोकि मोहम्मदपुर गांव में एविल सोसाइटी के पास गाय-भैंसों के रखरखाव का काम करता है, से मिलने गया। संतरलाल ने रविंद्र को गोद लिया हुआ है। आरोपी रविंद्र ने संतरपाल को बताया कि वह अपने साथियों के साथ विक्रम की हत्या करके शव को लेकर आएगा। उसने संतरलाल को विक्रम के शव को दबाने हेतु गड्ढा खोदने के लिए कहा। रविंद्र के कहे अनुसार संतरपाल ने गड्ढा खोदा और विक्रम की हत्या के बाद उसके शव को गड्ढे में दबा दिया, ताकि शव गल जाए और शव से बदबू न आए। 26 जुलाई को विक्रम की हत्या की पूरी घटना के दौरान उसकी पत्नी सोनी देवी आरोपी रविंद्र के साथ मोबाइल पर कॉल के माध्यम से संपर्क में रही।
गुमराह करने के लिए लिखवाई रिपोर्ट
विक्रम की पत्नी सोनी देवी ने हत्या मामले में पुलिस को गुमराह करने के लिए योजनानुसार 28 जुलाई को अपने पति की गुमशुदा की रिपोर्ट लिखवाई। जबकि महिला को जानकारी थी कि 26 जुलाई को उसके पति की हत्या करके शव को गड्ढे में दबाया जा चुका है। इसके बाद जब सोनी देवी को लगा कि पुलिस विक्रम की हत्या के बारे में पता लगा सकती है तो उसने पुलिस से बचने के लिए अपने प्रेमी आरोपी रविंद्र के खिलाफ दुष्कर्म करने का झूठा मामला दर्ज करा दिया।
पुलिस का बयान
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि रविवार को महिला आरोपी सोनी देवी और संतरलाल को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सोनी देवी को जेल भेज दिया है, जबकि पुलिस ने आरोपी संतरलाल को पांच के रिमांड पर लिया है। पुलिस मामले में पूछताछ कर रही है कि ताकि हत्या में संलिप्त अन्य आरोपी गिरफ्तार किए जा सकें।