सरकारी वाहन पर ही डंपर चढ़ाने का किया प्रयास, राहगीरों को हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। नूंह जिले में ओवरलोड वाहनों पर लगाम लगाने में पुलिस सतर्क तो है लेकिन ओवरलोड माल ले जाने वाले वाहन चालकों में पुलिस का खौफ नहीं है। बीते 27 सितंबर को भी एक ओवरलोड डंपर को एसडीएम ने रुकवाने की कोशिश की तो चालक सरकारी वाहन पर ही डंपर चढ़ाने का प्रयास करते हुए खनन सामग्री को फेंक बुराका-पचगांव के रास्ते से फरार हुआ था। हालांकि सदर थाना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज करते हुए एक को दबोच लिया था। दो दिन पहले भी पत्थरों से भरे एक ओवरलोड डंपर का पुलिस ने पीछा किया तो चालक सड़क पर पत्थरों को फेंकते हुए इसी मार्ग से फरार हो गया। इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हुई, फिलहाल सड़क पर फेंके गए पत्थरों को हटा दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, राजस्थान से जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले एक पत्थरों से ओवरलोड डंपर का पुलिस पीछा कर रही थी, बुराका-पचगांव मार्ग पर पुलिस से बचने के प्रयास में चालक ने चलते हुए डंपर का जेक उठाकर पत्थरों को सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। जिसके कारण पुलिस ओवरलोड वाहन का पीछा नहीं कर सकी तो चालक वाहन सहित फरार हो गया। लेकिन सड़क पर पत्थर गिरने से स्थानीय और राहगीरों अच्छी खासी परेशानी हुई।
स्थानीय लोग कुर्सीद, मुबीन, शाकिर, शब्बीर व इकबाल ने बताया कि पत्थर गिरने से दुर्घटना होने से कुछ लोग बाल-बाल बचे। लोक निर्माण विभाग में सड़क पर पत्थर फेंके जाने की सूचना दिए जाने के बाद भी समय पर नहीं हटाया गया था। विभाग के उपमंडल अभियंता आवेश कुमार ने बताया कि फिलहाल जेसीबी की मदद से सड़क पर फेंके गए पत्थरों को हटा दिया है। सदर थाना प्रभारी हुकम सिंह का कहना है कि गिने चुने मामले ही सामने आते हैं, पुलिस ओवरलोड वाहनों पर लगाम लगाने को लेकर बेहद सतर्क है।
फोटो:- सड़क पर फेके गए पत्थर