गुरुग्राम। पथरेडी बस स्टैंड पर अंडे की रेहड़ी लगाने वाले युवक के मामा को दो युुवकों ने चाकू मारकर घायल कर दिया। वारदात के बाद भागते वक्त युवकों ने फायरिंग भी की। अंडे लेने के बाद पैसे देते वक्त दोनों युवक विवाद कर रहे थे, पास ही अपनी दुकान से आए युवक के मामा ने इसका विरोध किया था। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना बिलासपुर में केस दर्ज कराते हुए गांव पथरेडी निवासी पवन ने बताया है कि शनिवार शाम जब वह अपनी अंडे की रेहड़ी पर था तो वहां दो युवकों ने अंडे खरीदे। पैसे मांगने पर वह झगड़ा करने लगे। शोर सुनकर पास ही में अपनी मोबाइल की दुकान से आए मामा सुरेंद्र ने उन्हें रोका तो युवकों ने उनके सिर में रेहड़ी से ही उठाकर चाकू मार दिया। आसपास के दुकानदारों को मौके पर आते देख युवक भागने लगे। भागते वक्त उनमें से एक युवक ने अपनी जेब से हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। फायरिंग से आसपास के लोग सहम गए। मौका पाकर दोनों युवक फरार हो गए। थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही वह गिरफ्त में होंगे।