गुरुग्राम। ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने एक वेबीनार का आयोजन किया। जो अंसल यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ लॉ के सहयोग से किया गया इसमें लगभग 100 से 150 बालिकाओं ने भाग लिया और अपने शिक्षा से जुड़े संशय दूर किए।
कार्यक्रम में बतौर प्रवक्ता जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रदीप चौधरी ने बालिकाओं को शिक्षा के प्रति जानकारी देते हुए कहा कि सभी बच्चों का स्कूल में जाना अनिवार्य है और एक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को ग्रहण करना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि शिक्षा प्राप्त करना सभी का अधिकार है। समाज की मानसिकता बदलना जरूरी है और समाज की हर लड़की और लड़के, दोनों को शिक्षा में बराबर का हक है। लाइव वेबीनार में मौजूद जिला शिक्षा अधिकारी इंदु बोकन ने बच्चों को बताया कि कैसे आज किसी भी समय शिक्षा प्राप्त की जा सकती है। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का रूप बदल रहा है इसमें सकारात्मक बदलाव देखे जा रहे हैं।