नगर निगम ने शुरू की टेंडर प्रक्रिया, अंडरग्राउंड पानी के टैंक, बूस्टिंग स्टेशन और पंप हाउस बनेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर क्षेत्र के चार गांवों के लोगों को जल्द नहरी पानी मिलने की उम्मीद है। नगर निगम ने इस योजना पर काम तेज कर दिया है और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। योजना पूरी होने के बाद गांव नाहरपुर कासन, कांकरौला, शिकोहपुर और हयातपुर के हजारों लोगों को साफ और पर्याप्त पानी मिल सकेगा।
निगम के अनुसार इन चारों गांवों में अंडरग्राउंड पानी के टैंक बनाए जाएंगे। इसके साथ ही बूस्टिंग स्टेशन, पंप हाउस और नई पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी। नहर का पानी पहले इन टैंकों में जमा किया जाएगा, फिर वहां से पाइपलाइन के जरिये घर-घर तक सप्लाई की जाएगी। इस योजना पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाएंगे।
फिलहाल इन गांवों में पानी की सप्लाई बोरवेल के जरिये हो रही है लेकिन लगातार भूजल का इस्तेमाल होने से जल स्तर तेजी से नीचे जा रहा है। कई इलाकों में भूजल 800 से एक हजार फीट तक पहुंच चुका है, जिससे कई बोरवेल भी काम करना बंद कर रहे हैं। ऐसे में नहरी पानी की यह योजना लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
नगर निगम इससे पहले बामड़ौली, सिकंदरपुर और नवादा गांव में नहरी पानी की सप्लाई शुरू कर चुका है। वहीं, भांगरौला गांव में करीब दो एकड़ जमीन पर बड़ा स्टोरेज टैंक बनाने की भी योजना है। यहां नहर का पानी जमा किया जाएगा और जरूरत के अनुसार अन्य गांवों में भेजा जाएगा। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि चरणबद्ध तरीके से पूरे क्षेत्र में नहरी पानी की व्यवस्था की जाएगी। योजना पूरी होने के बाद न केवल पेयजल संकट कम होगा, बल्कि भूजल पर निर्भरता भी घटेगी।
-
क्षेत्र के गांवों में नहरी पानी पहुंचाने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है। मौजूदा समय में कई गांवों में पानी की सप्लाई भूजल पर निर्भर है, लेकिन लगातार दोहन के कारण जल स्तर नीचे जा रहा है। नहरी पानी की सप्लाई शुरू होने से लोगों को बेहतर पेयजल सुविधा मिलेगी और भूजल पर निर्भरता कम होगी। -सुशील ठाकरान, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम मानेसर
-
योजना पर इतने रुपये होंगे खर्च
नाहरपुर कासन – 3.24 करोड़
कांकरौला – 9.79 करोड़
शिकोहपुर – 2.48 करोड़
हयातपुर व सालिग की ढाणी – 9.95 करोड़