सात दिन से लोगों को करना पड़ रहा है परेशानी का सामना, टैंकर खरीदकर चला रहे काम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। डीएलएफ इलाके में पेयजल संकट को लेकर मंगलवार को डीएलएफ फेज एक से तीन के निवासियों का गुस्सा बिल्डर प्रबंधन के कार्यालय पर फूट गया। 100 से अधिक निवासियों ने एकत्र होकर डीएलएफ प्रबंधन के फेज एक स्थित शॉपिंग मॉल कार्यालय पर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी भी की।
पिछले एक सप्ताह से इलाके में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। जीएमडीए की ओर से पर्याप्त आपूर्ति नहीं की जा रही। बिल्डर प्रबंधन की तरफ से पानी की मांग और आपूर्ति के अंतर को कम करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। डीएलएफ कालोनी का रखरखाव प्रबंधन डीएलएफ एस्टेट डेवलपर्स लिमिटेड के पास है।
डीएलएफ फेज एक से तीन में पानी का भीषण संकट गहराया हुआ है। पिछले सात दिन से निवासियों को पानी बहुत कम मिल रहा है। लोगों को 1500 से 2000 रुपये खर्च कर टैंकर खरीदने पड़ रहे हैं। निवासियों के अनुसार पिछले सात दिन से सुबह शाम 5-10 मिनट ही पानी मिल रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार पानी के संकट को लेकर डीएलएफ प्रबंधन के समक्ष समस्या को उठाया गया है लेकिन प्रबंधन की तरफ से पानी के संकट को दूर करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया।
डीएलएफ निवासी बिल्डर प्रबंधन को 6 रुपये प्रति वर्ग गज से अधिक रखरखाव शुल्क दे रहे हैं। इसके बावजूद पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कई बार प्रबंधन को बोरवेल करने के लिए आग्रह किया गया लेकिन इस पर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। डीएलएफ प्रबंधन इलाके का सर्विस प्रोवाइडर है और पानी की आपूर्ति करना इनकी नैतिक जिम्मेदारी है।
इतना ही नहीं डीएलएफ की तरफ से हर निर्माणाधीन साइट को पानी का कनेक्शन दिया हुआ है। एक तरफ लोगों के पास रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी नहीं है और दूसरी तरफ बिल्डर फ्लोर निर्माण में पेयजल का दुरुपयोग कर रहे हैं। निवासियों की तरफ से अल्टीमेटम दिया गया है यदि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में स्थानीय निवासी सीमा कुलश्रेष्ठ, किरण सिंह, प्राची सिंह, अंबिका सचदेवा, रमा रानी राठी, नरेंद्र कुमार, रवि सिन्हा, आकृति कपूर, योगेश चोपड़ा, अशोक तनेजा, अशोक कोहली, राजकुमार स्वामी, वाई के शर्मा, अरुण माला, राजेश कपूर, डीएलएफ फेज टू से अशोक बहल आदि कई लोग मौजूद थे।