- फेसबुक पर विज्ञापन देकर ठगों ने की थी ऑनलाइन जॉब की पेशकश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर क्राइम थाना क्षेत्र में जालसाजों ने ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर पूर्व सैनिक से 2 लाख 15 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में एम श्याम कुमार ने बताया कि वह सेवानिवृत्त सेना कर्मी हैं और गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। बीती 30 सितंबर को फेसबुक पर उन्होंने एक विज्ञापन देखा। इसमें ऑनलाइन पार्ट टाइम नौकरी की पेशकश की गई थी। एम श्याम कुमार ने दिए गए लिंक अपना रजिस्ट्रेशन किया। इसके बाद उन्हें टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ दिया गया। टास्क पूरे करने पर उनको कुछ पैसे दिए गए। इससे वे प्रभावित हो गए और 82 हजार 500 रुपये का भुगतान कर दिया। इसके बाद उनके वॉलेट में बोनस सहित दो लाख रुपये जमा हो गए। जब उन्होंने इसमें से राशि निकालनी चाही तो उनसे इस राशि को निकालने के लिए टैक्स के 40 हजार रुपये और मांगे गए। इसके बाद उन्होंने अनुषा सोलंकी द्वारा दिए गए सुभाष के अकाउंट में यह राशि ट्रांसफर कर दी। जब एम श्याम कुमार ने रुपए निकालने चाहे तो उनसे गारंटी के नाम पर एक लाख रुपए और मांगे गए। इस तरह उन्होंने कुल 2 लाख 15 हजार रुपये जमा करा दिए। इस राशि को निकालने के लिए उनसे एक्टिवेशन के नाम पर 60 हजार रुपये और मांगे गए। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।