संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-5 में बने बरसाती नालों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण हर बारिश में सेक्टर की कई सड़कों पर जलभराव की समस्या हो जाती है। इससे निवासियों, वाहन चालकों और राहगीरों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार को हुई बारिश के बाद भी सेक्टर की कई सड़कों पर पानी जमा रहा। जलभराव के कारण लोगों को रोजाना की जरूरत का सामान लेने और अन्य जरूरी कामों के लिए आने-जाने में दिक्कत होती है। खासकर सीजीएचएस रोड और चिंतापूर्णी माता मंदिर से लेबर चौक और सेक्टर-5 गोल चक्कर से लेबर चौक सड़क पर पानी भरने की स्थिति देखने को मिलती है। लोगों ने बताया कि यदि बरसाती नालों की समय पर सफाई कराई जाए तो बारिश के दौरान जलभराव की समस्या नहीं होगी। उन्होंने प्रशासन से जल्द नालों की सफाई कराने की मांग की है।
कोट्स
मैं पिछले करीब 18 वर्षों से इस सेक्टर में रह रहा हूं। हर बारिश के बाद सीजीएचएस रोड पर पानी भर जाता है। साथ ही बरसाती नालों की नियमित सफाई भी नहीं होती, जिसके कारण यह समस्या हर साल बन जाती है।
-रूपेश अरोड़ा, अधिवक्ता
-
यहां आधे घंटे की बारिश होते ही सड़कों पर जलभराव हो जाता है। बारिश बंद होने के बाद भी करीब तीन घंटे तक पानी नहीं निकलता, जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है।
- पवन गुप्ता