गुरुग्राम। गुरुग्राम-सोहना रोड पर वाहनों के फर्राटा भरने का इंतजार फिर बढ़ गया है। ऐसे में मई के अंत तक इस रोड पर वाहन सरपट दौड़ सकेंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने एक बार फिर समय सीमा बढ़ा दी है। अब तक दो बार इसकी समय सीमा बढ़ाई गई है। 2016 में पूरा होने की तय समय सीमा जुलाई 2021 रखी गई थी, लेकिन कोविड-19 और प्रदूषण की पाबंदियों के कारण ऐसा संभव नहीं हो पाया। 22 अगस्त 2020 को सुभाष चौक के पास इसके एलिवेटेड हिस्से के 10 से 11 नंबर पिलर के बीच की स्लैब गिर गई, जिस कारण इसका काम काफी दिन तक रुका रहा। कोविड की पाबंदियों के कारण इसका काम तीन बार ठप करना पड़ा। फिर तय समय सीमा मार्च-अप्रैल 2022 निर्धारित की गई थी, लेकिन एक बार फिर एनएचएआई ने तय समय पर पूरा करने में हाथ खड़े कर दिए हैं।
21.65 किलोमीटर की इस परियोजना को दो हिस्सों में बांटा गया है। राजीव चौक से बादशाहपुर तक 8.94 किलोमीटर (पैकेज एक) को बनाने की जिम्मेदारी ओरिएंटल स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के पास है। बादशाहपुर से आगे सोहना तक 12.71 किलोमीटर (पैकेज दो) की जिम्मेदारी एचजी इंफ्रा लिमिटेड कंपनी को सौंपी गई है। पैकेज दो का काम पूरा हो गया है, पैकेज एक में पांच किलोमीटर का एक स्लैब अभी निर्माणाधीन है। इसी पैकेज में फिनिशिंग वर्क भी बचा है। एनएचएआई यहां 10 मार्च से टोल वसूली की तैयारियां कर रही थी, लेकिन अभी तक टोल प्रबंधन करने वाली कंपनी का नाम तय नहीं हो पाया है। बताया जाता है कि टोल प्रबंधन के लिए चार कंपनियों के नाम एनएचएआई की ओर से भेजे गए हैं। अंतिम नाम पर मुहर के बाद टोल शुरू कर दिया जाएगा।
हाईवे के पैकेज दो पर वाहन सरपट दौड़ रहे हैं। एलिवेटेड होने के कारण पैकेज एक में वाहन चालकों को दिक्कतें आ रही हैं। सहूलियत के लिए जमीनी हिस्से पर सड़क को कई जगह से खोल रखा है। वाटिका चौक से बादशाहपुर तक की थोड़ी दिक्कत है, मई के अंत तक इसे चालू कर दिया जाएगा।
विकास मित्तल, परियोजना निदेशक, एनएचएआई