सेक्टर-90 स्थित न्यू टाउन हाइट्स के निवासियों ने संवाद में रखीं समस्याएं
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-90 स्थित न्यू टाउन हाइट्स के 13 टावरों में रहने वाले करीब 1200 परिवार आए दिन बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। वर्ष 2013 से सोसाइटी में अब तक 11 केवी के अस्थाई बिजली कनेक्शन लगे हुए हैं। सोसाइटी के लोगों को मुख्य सड़क पर निकलने के लिए 10 मीटर के गांव की सड़क से गुजरना होता है। सोसाइटी में आयोजित संवाद में निवासियों ने अपनी समस्याएं रखीं।
न्यू टाउन हाइट्स समेत आसपास की सोसाइटियों को सीवेज और ड्रेनेज की लाइन से नहीं जोड़ा गया है। इलाके में जीएमडीए की सीवेज लाइन और ड्रेनेज लाइन नहीं है। सोसाइटी में अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था नहीं है। सोसाइटी के खाली प्लॉटों में गंदा पानी जमा है। लोगों ने बताया कि मुख्य सड़क से सोसाइटी की कनेक्टिविटी, सीवेज लाइन से कनेक्टिविटी जैसे मुख्य कार्य अधूरे हैं। कार्यक्रम में नरेश गुप्ता, जेके सिंगला, आरएस छिकारा, बलवंत सिंह नेहरा, डेरेक पाइवा, राधे श्याम गुप्ता, तरुण चावला, अनुज गुप्ता, विवेक आहूजा, सुभाष मित्तल, दिनेश गुलयानी, राजेश मोहन, रवि कुमार, सतीश आहूजा, ओपी वर्मा, रविंद्र सेठ और कमल शर्मा ने अपनी बातें रखीं।
लोगों ने कहा
यहां के निवासी कई वर्षों से बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। वर्ष 2013 में बिल्डर द्वारा नियुक्त गवर्निंग बॉडी ने मात्र 11 केवी के बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए आवेदन किया था, जबकि 33 केवी का करना चाहिए। इस गलत आवेदन का खामियाजा आज तक भुगत रहे हैं। - राधेश्याम गुप्ता
60 मीटर रोड से हमारी कनेक्टिविटी नहीं है। सोसाइटी के एक हिस्सा तो बिल्कुल कटा हुआ है। इससे बाहर निकलने के लिए दूसरे हिस्से के गेट से होकर जाना पड़ता है। जबकि जब फ्लैट बेचते समय हमारी सोसाइटी की कनेक्टिविटी 24 मीटर रोड के साथ दिखाई गई थी।- अनुज गुप्ता
यहां सार्वजनिक परिवहन की सुविधा नहीं है। पहले 132बी बस सोसाइटी के पास से जाती थी मगर डेढ़ साल पहले बंद हाे गई। यहां किसी तरह का सार्वजनिक परिवहन नहीं है। मुख्य सड़क से अंदर होने के कारण कैब बुक होने में भी दिक्कत आती है। - बलवंत सिंह नेहरा
इलाके में सीवेज और ड्रेनेज लाइन नहीं है। जिस कारण आसपास के खाली प्लॉट में काफी गंदा पानी जमा हो जाता है। सोसाइटियाें को अपने सीवेज ट्रीट करने के निर्देश हैं मगर सफाई के बाद भी निकासी के साधन नहीं है। - रविंद्र सेठ