रिश्तेदारों, दोस्तों और परिवार के साथ बिताया समय, फिर ऑस्ट्रेलिया के लिए हुए रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। स्टार बल्लेबाज विराट कोहली 14 अक्तूबर को अपने गुरुग्राम स्थित घर पहुंचे। जहां उन्होंने अपने परिवार के साथ समय बिताया। इसके बाद 15 अक्तूबर की सुबह टीम इंडिया के साथ ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो गए। दिवाली से ठीक पहले कोहली का अपने पैतृक घर आना परिवार के लिए किसी तोहफे से कम नहीं रहा। उन्होंने यहां अपने परिवार, रिश्तेदारों और करीबी दोस्तों के साथ समय बिताया।
भाई के नाम की प्रॉपर्टी की पावर ऑफ अटॉर्नी
विराट कोहली ने अपनी गुरुग्राम की प्रॉपर्टी की पावर ऑफ अटॉर्नी अपने भाई विकास कोहली के नाम की है। पावर ऑफ अटॉर्नी बनवाने के लिए वे वजीराबाद तहसील पहुंचे। विराट करीब एक घंटे तक तहसील कार्यालय में रहे और प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेजों पर आवश्यक हस्ताक्षर किए। विराट कोहली हाल ही में अपने परिवार के साथ इंग्लैंड शिफ्ट हुए हैं। इस बदलाव के चलते उन्होंने गुरुग्राम में अपनी प्रॉपर्टी से संबंधित कानूनी जिम्मेदारियां अपने भाई विकास कोहली को सौंपने का फैसला किया। भारत में उनकी अनुपस्थिति के दौरान प्रॉपर्टी से जुड़े सभी कानूनी-प्रशासनिक मामलों का निर्वहन सुचारू रखने के लिए उन्होंने यह कदम उठाया है।
इस प्रक्रिया के बाद विराट कोहली सीधे एयरपोर्ट चले गए और वे भारतीय क्रिकेट टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रवाना हुए। 19 अक्तूबर से शुरू हो रही वनडे सीरीज में विराट कोहली और रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं।