- फॉर्च्यूनर सवार युवकों ने कार चालक को बेरहमी से पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर सिटी के गोल्फ कोर्स रोड पर शनिवार की रात रोडरेज की घटना सामने आई है। रोडरेज में मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि फॉर्च्यूनर सवार युवक कार चालक को बेरहमी से पीट रहे हैं। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
यह घटना सेक्टर-42 रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास हुई है। वीडियो में दिख रहा है कि तीन युवक कार ड्राइवर पर मुक्के-लातों से हमला कर रहे हैं, जबकि पीड़ित युवक बचाव की कोशिश कर रहा है। फॉर्च्यूनर से एक युवती ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन तीनों युवकों ने पीड़ित युवक के मारपीट जारी रखी। गोल्फ कोर्स रोड गुरुग्राम के सबसे पॉश इलाका है, जहां पहले भी कई रोडरेज और स्टंटबाजी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। झगड़े की वजह अभी पता नहीं चली है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि वीडियो के आधार पर गाड़ियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होते ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।